उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र ने जानकारी देते हुए बताया कि युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी क्षमता को नई दिशा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम-युवा) को मिशन मोड में शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि देश में सर्वाधिक युवाओं वाले प्रदेश उत्तर प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा मुख्यमंत्री के विजन को साकार करने के लिए यह महत्वाकांक्षी योजना शुरू की गई है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष सूक्ष्म उत्पादन एवं सेवा क्षेत्र की एक लाख इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके माध्यम से आगामी 10 वर्षों में 10 लाख युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
जनपद इटावा के पात्र एवं इच्छुक युवाओं से योजना के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत बैंकों के माध्यम से विभिन्न परियोजनाओं के लिए वित्त पोषण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना की प्रमुख विशेषताएं इस प्रकार हैं—
- 5 लाख रुपये तक की परियोजनाओं के लिए 4 वर्षों तक बिना ब्याज का गारंटी मुक्त ऋण।
- परियोजना लागत पर 10 प्रतिशत मार्जिन मनी अनुदान।
- आवेदक किसी भी वित्तीय संस्था का चूककर्ता (डिफॉल्टर) नहीं होना चाहिए।
- आवेदक ने भारत सरकार या उत्तर प्रदेश सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का पूर्व में लाभ प्राप्त न किया हो।
- आयु सीमा: 21 से 40 वर्ष।
- शैक्षिक योग्यता: न्यूनतम कक्षा 8 उत्तीर्ण।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी http://msme.up.gov.in/ वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
योजना से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, एसडी फील्ड, इटावा के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने युवाओं से अपील की है कि इस योजना का लाभ उठाकर स्वयं का उद्यम स्थापित करें और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।
