यात्रियों की सुविधा और बेहतर परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा इटावा रोडवेज बस स्टैंड से 5 नई मिनी बसों का संचालन शुरू किया गया। इन बसों को इटावा विधायक सरिता भदौरिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि नई मिनी बसों के संचालन से क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम व सुरक्षित बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन को सुलभ, सस्ती और समयबद्ध परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

नवीन मिनी बसें प्रतिदिन इटावा से बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, कानपुर एवं आगरा के लिए संचालित की जाएंगी। इससे यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे और दूर-दराज के क्षेत्रों तक सीधा व सुविधाजनक संपर्क स्थापित होगा।

यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। निगम अधिकारियों ने भी भविष्य में परिवहन सेवाओं के और विस्तार का भरोसा दिलाया।
