हाई स्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को सकुशल एवं नकल विहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, पक्षायगांव का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष तथा विद्यालय परिसर की समस्त व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रश्नपत्र वितरण कक्ष, परीक्षार्थियों की बैठने की व्यवस्था, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती और सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराई जाएं। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक एवं शिक्षकों को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी की जा रही है, जिससे नकल पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने विद्यालय प्रशासन की सराहना की और निर्देश दिया कि परीक्षा अवधि समाप्त होने तक पूरी सतर्कता और अनुशासन बनाए रखा जाए।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य उमा भदौरिया भी उपस्थित रहीं। उन्होंने केंद्र पर की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि बोर्ड परीक्षाएं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराई जा रही हैं।
