मुख्य विकास अधिकारी, इटावा द्वारा विकास खंड कार्यालय बसरेहर का औचक निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर रमेश चन्द्र, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी/प्रभारी खंड विकास अधिकारी, बसरेहर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में स्थापित ध्वज स्तंभ पर तिरंगा ध्वज विधिवत फहराता हुआ पाया गया तथा प्रकाश व्यवस्था संतोषजनक रही। कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति पूर्ण रही और समस्त शासकीय कार्य नियमित रूप से संचालित होते पाए गए।

जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई। अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, स्पष्ट एवं त्रुटिरहित प्रविष्टियों तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे आमजन को सेवाएं अधिक सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराई जा सकें।

ग्राम पंचायतों में 5 लाख से 7.5 लाख रुपये तक के निर्माण कार्यों से संबंधित प्रशासनिक स्वीकृतियों एवं अभिलेखों की भी समीक्षा की गई। अभिलेखों के अद्यतन रख-रखाव, तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया। ग्राम पंचायत दुगावली में विद्यालय कक्ष मरम्मत एवं पुस्तकालय से संबंधित प्राक्कलन का अवलोकन कर आवश्यक अभिलेखीय औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यवाही और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बन सके।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा पात्र लाभार्थियों तक अधिकाधिक पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 55 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने की जानकारी दी गई, जिन पर नियमानुसार कार्यवाही प्रचलित है। साथ ही रजिस्टरों के नियमित अद्यतन एवं योजनाओं की जानकारी सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।
मनरेगा कार्यों की समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत अयारा लुहिया में 52 श्रमिक कार्यरत हैं। कार्यों की प्रगति संतोषजनक पाई गई तथा गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।निरीक्षण के उपरांत समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी, उत्तरदायी एवं जनहितकारी कार्यसंस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित किया गया।
