भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित “जिला कार्यशाला” में संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया गया।

कार्यशाला की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष तथा जनपद इटावा की प्रभारी कमलावती सिंह ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांत आज भी संगठन और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त करने एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम में जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला का समापन संगठन की एकजुटता और जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ।
