इटावा, 12 फरवरी। देशव्यापी सांस्कृतिक आंदोलन से जुड़ी प्रतिष्ठित संस्था स्पिक मैके (सोसायटी फॉर द प्रमोशन ऑफ इंडियन क्लासिकल म्यूजिक एंड कल्चर अमॉन्ग्स्ट यूथ) इटावा जनपद में जिलाधिकारी शुभ्रांशु शुक्ला की प्रेरणा से अपने नए चैप्टर की शुरुआत करने जा रही है। इस ऐतिहासिक पहल के तहत विश्व विख्यात बांसुरी वादक पंडित प्रवीण गोडखिंडी जिले के तीन विद्यालयों में अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस अवसर पर स्पिक मैके के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधा मोहन तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

स्पिक मैके पिछले 49 वर्षों से देशभर में भारतीय सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। संस्था प्रतिवर्ष देश-विदेश में लगभग 500 कार्यक्रम आयोजित करती है। शास्त्रीय संगीत, नृत्य, लोक संगीत, साहित्य, नाटक, शिल्प और योग जैसी विधाओं के श्रेष्ठतम कलागुरुओं के माध्यम से युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का सतत प्रयास किया जाता रहा है।
इटावा चैप्टर के शुभारंभ अवसर पर पंडित प्रवीण गोडखिंडी अपनी बांसुरी के मधुर स्वरों से विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत की अनूठी अनुभूति कराएंगे। उनके साथ संगत प्रदान करेंगे प्रसिद्ध तबला वादक पंडित मिथलेश झा, जिनकी ताल और लय कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बनाएगी।
कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत पहला बांसुरी वादन 13 फरवरी को प्रातः 9 बजे एरिस्टोटल वर्ल्ड स्कूल, जसवंतनगर में आयोजित होगा। उसी दिन सायं 5 बजे सैनिक स्कूल, इटावा में दूसरा कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके पश्चात 14 फरवरी को प्रातः 11 बजे जी.सी. जीनियस पब्लिक स्कूल, इटावा में तीसरी प्रस्तुति दी जाएगी।
स्पिक मैके के इटावा समन्वयक प्रोफेसर प्रत्यूष तिवारी द्वारा इस अवसर पर एक ओरिएंटेशन कार्यक्रम का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें संस्था की कार्यप्रणाली और उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
इटावा में स्पिक मैके चैप्टर की स्थापना को सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे जिले के विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय कला की समृद्ध परंपरा से सीधे जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
