भरथना- कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बाहरपुर के मजरा ग्राम कोठी मिराय में स्थापित संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ० भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से अराजकतत्वों द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात लोगों ने बाबा साहेब की प्रतिमा का हाथ तोड़ दिया, जिससे गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब सुबह स्कूल जा रहे बच्चों की नजर क्षतिग्रस्त मूर्ति पर पड़ी। बच्चों द्वारा गांव में जानकारी देने के बाद देखते ही देखते खबर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब चार वर्ष पूर्व प्रेमचंद्र दोहरे ने प्रशासन से विधिवत अनुमति लेकर अपने खेत में डॉ० भीमराव अंबेडकर और गौतम बुद्ध की प्रतिमाएं ग्रामीणों के सहयोग से स्थापित कराई थीं। प्रतिमाओं की देखरेख के लिए खेत में एक छोटा कमरा भी बनवाया गया था, जिसमें प्रेमचंद्र स्वयं रहकर निगरानी करते थे। हालांकि बीते करीब दो महीनों से प्रेमचंद्र बाहर गए हुए हैं, जिसके चलते स्थल की देखरेख नहीं हो पा रही थी। इसी दौरान अज्ञात अराजकतत्वों ने पास लगे सीसीटीवी कैमरे से भी छेड़छाड़ कर उसे खराब कर दिया, जिससे निगरानी व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीचन्द्र, एसडीएम काव्या सी, सीओ रामदवन मौर्य, थानाध्यक्ष विक्रम सिंह एवं इंस्पेक्टर क्राइम अरिमर्दन सिंह भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए।
महिलाओं समेत ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, नई प्रतिमा स्थापना और सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग की। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नई प्रतिमा स्थापित कराने और मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
