समाजवादी पार्टी के महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव का 71वाँ जन्मदिन समाजवादी पार्टी कार्यालय पर हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू के नेतृत्व में किया गया, जिसमें वरिष्ठ सपा नेता, पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

जन्मदिन समारोह में पूर्व मंत्री माननीय रामसेवक यादव, पूर्व मुख्यमंत्री माननीय अखिलेश यादव के चचेरे भाई एवं युवा नेता माननीय आर्यन यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने केक काटकर शिवपाल सिंह यादव के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

इस अवसर पर माननीय आर्यन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि शिवपाल सिंह यादव ने हमेशा हर वर्ग के लोगों की आवाज उठाई है और आगे भी मजबूती से उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव का राजनीतिक जीवन जनसेवा, संघर्ष और लोगों की मदद के लिए समर्पित रहा है।

आर्यन यादव ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जिन संतों और हिंदुत्व के नाम पर भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई, आज वही साधु-संतों के अपमान में लगी हुई है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के पक्ष में एक “साइलेंट लहर” चल रही है और प्रदेश की जनता भाजपा से त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

कार्यक्रम के दौरान पूरे पार्टी कार्यालय में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपने नेताओं के प्रति समर्थन व्यक्त किया।
