प्रमुख सचिव, बेसिक शिक्षा उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार समग्र शिक्षा अभियान के तहत 3 से 20 वर्ष तक के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए आज जिला चिकित्सालय, मोतीझील में मेडिकल असेसमेंट कैम्प आयोजित किया गया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार के निर्देशन व जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) अर्चना सिन्हा के संचालन में आयोजित इस कैम्प में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेन्द्र सिंह की देखरेख में गठित मेडिकल बोर्ड ने 44 बच्चों का परीक्षण किया। इनमें से 37 बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किया गया, जबकि 7 बच्चों को आगे की जांच हेतु सैफई रेफर किया गया।

कैम्प में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव द्विवेदी, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. जे.पी. चौधरी, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. विष्णु मलोहत्रा, मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता यादव, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बलराज एवं सहायक सुनील कुमार पटल मौजूद रहे।

मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम (आईएएस) ने प्रमाण पत्र वितरित करते हुए अभिभावकों को बताया कि इस प्रमाण पत्र से बच्चों को सरकारी बसों और रेलवे में यात्रा रियायत सहित अनेक सरकारी सुविधाएं प्राप्त होंगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी स्पेशल एजुकेटर्स का योगदान सराहनीय रहा।

