केकेपीजी कॉलेज में इनवायरमेंट स्ट्रेस सीनारियो (पर्यावरणीय तनाव परिदृश्य) और इससे जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन शुक्रवार और शनिवार को किया जाएगा। इस संगोष्ठी में पर्यावरण के कृषि और जैव विविधता पर प्रभाव एवं उसकी रोकथाम के प्रयासों पर देशभर के कृषि वैज्ञानिक अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. महेंद्र सिंह ने बताया कि यह राष्ट्रीय संगोष्ठी सीएसजेएम विश्वविद्यालय, कानपुर द्वारा प्रायोजित है। संगोष्ठी का आयोजन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में किया जाएगा। शुक्रवार को सुबह 10 बजे उद्घाटन सत्र आयोजित होगा, जिसमें कई प्रतिष्ठित वैज्ञानिक और विशेषज्ञ भाग लेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी नेशनल यूनिवर्सिटी, रेवाड़ी (हरियाणा) के वाइस चांसलर प्रो. जेपी यादव होंगे। इसके अलावा, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की प्रोफेसर मधुलिका अग्रवाल सहित कई अन्य प्रोफेसर भी संगोष्ठी में शामिल होकर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
यह संगोष्ठी पर्यावरणीय समस्याओं और उनके समाधान को लेकर महत्वपूर्ण होगी। कृषि और पर्यावरण से जुड़े छात्रों, शोधकर्ताओं और विशेषज्ञों को इसमें नए शोध और तकनीकी जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
