विजय नगर में रहने वाले रिटायर सीओ पूरन सिंह ने एक ट्रैक्टर ड्राइवर और कुछ बाइक सवार लोगों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना 26 फरवरी की बताई जा रही है, जब पूरन सिंह अपनी पत्नी के साथ कार से आगरा के वाह में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
उनके अनुसार, कचौरा मार्ग पर गांव हरदासपुर के पास राधा ईट भट्टा के निकट एक ट्रैक्टर ड्राइवर ने उनकी कार में टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर के बाद पूरन सिंह ने कार को सड़क किनारे खड़ा किया। तभी कुछ लोग बाइकों पर सवार होकर वहां पहुंचे और पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
रिटायर सीओ ने इस घटना की शिकायत स्थानीय पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
