इटावा। कटरा साहब खां की निवासी शिक्षिका जुबैरिया ने पुलिस को तहरीर देकर अपने पति और ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 3 नवंबर 2023 को अलीगढ़ के अनूप शहर रोड पर स्थित गुलिस्तां कालोनी में रहने वाले जीशान के साथ हुई थी।
महिला ने आरोप लगाया कि शादी के दिन ही जीशान और उसके परिवार वाले संतुष्ट नहीं थे, हालांकि रिश्तेदारों के समझाने पर उन्हें विदा कर दिया गया था। जुबैरिया के अनुसार, शादी के बाद से ही जीशान और उसके परिवार वाले अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। वे 10 लाख रुपये, लक्जरी कार और जेवरात की मांग कर रहे थे।
जब महिला ने असमर्थता जताई, तो उसे प्रताड़ित किया गया। इसके बाद महिला का कहना है कि उसके ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया और उसका पासपोर्ट व मूल निवास प्रमाण पत्र छीन लिया। महिला ने पुलिस परामर्श केंद्र में समझौते की कोशिश की, लेकिन इस बीच जीशान ने दुबई से व्हाट्सएप पर तलाक का नोटिस भेज दिया।
