शासन से जिले को 63.98 लाख पौधरोपण का लक्ष्य आवंटित किया गया है। डीएम और जिला पौधरोपण समिति के अध्यक्ष अवनीश राय ने वन व ग्राम्य विकास विभाग समेत 22 विभागों को यह लक्ष्य बांटा है। डीएम ने सभी विभागों को पौधरोपण के कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन ने डीएम को पत्र लिखकर बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी पौधरोपण किया जाएगा, जिसमें जिले को 63,98,980 पौधे रोपित किए जाएंगे। इन पौधों में पीपल, नीम, इमली, अर्जुन, पाकड़, बरगद, शीशम, काला शीशम, अशोक आदि के पौधे शामिल होंगे।
जिले के डीडीओ राकेश प्रसाद ने बताया कि पौधरोपण के कार्य के लिए नोडल अधिकारियों को नामित किया गया है, जो संबंधित विभागों को इस कार्य में सहयोग देंगे। सभी विभागों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि पौधरोपण के लिए निर्धारित जगहों पर पौधे लगाए जाएं और उनका उचित पालन-पोषण किया जाए।
