इटावा पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है। ये सभी बच्चे 1 फरवरी से लापता थे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी। एसएसपी संजय कुमार के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया।
बरामद किए गए बच्चों में बहरीटोला और बराही रीटोला क्षेत्र के निवासी 15 वर्षीय अदनान, 11 वर्षीय रिजवान, 13 वर्षीय रिहान और 12 वर्षीय रमजान शामिल हैं। इन बच्चों के लापता होने की सूचना 6 फरवरी को पुलिस को मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
बच्चों की खोजबीन के लिए कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में उप-निरीक्षक दयानंद पटेल, कांस्टेबल आकाश यादव, कांस्टेबल निवेश कुमार और महिला कांस्टेबल शैली त्यागी शामिल रहे। टीम ने गहन जांच और कई जगहों पर तलाशी अभियान चलाकर बच्चों को खोज निकाला।
बच्चों की सकुशल बरामदगी के बाद एसएसपी संजय कुमार ने उन्हें चॉकलेट और बिस्कुट भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। बच्चों के परिजनों ने पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया और इस सफलता पर खुशी जाहिर की।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने लापता बच्चों को जल्द से जल्द खोजने का जो प्रयास किया, उसकी शहरभर में सराहना हो रही है। एसएसपी संजय कुमार ने कहा कि इटावा पुलिस भविष्य में भी इसी तरह सक्रिय रहकर लापता बच्चों की तलाश में तत्परता से कार्य करेगी और किसी भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी कोशिश करेगी।
