भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. भानु प्रताप सिंह ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ कचहरी में धरना प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा। यह प्रदर्शन थाना बसरेहर क्षेत्र के अकबरपुर कट पर यूनियन के किन्नर मोर्चा की जिलाध्यक्ष पूजा किन्नर पर हुए जानलेवा हमले और लूटपाट की घटना के विरोध में किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पूजा किन्नर के बयान के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जाए और नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पूजा किन्नर पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था, जिससे वह बेहोश हो गई थीं। इस घटना की सूचना भारतीय किसान यूनियन (भानु) की जिला प्रभारी बेला किन्नर द्वारा पुलिस को दी गई थी।

बेला किन्नर और पूजा किन्नर को लगातार जान से मारने की धमकियाँ मिल रही हैं। दो दिन पूर्व थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में बेला किन्नर और काजल पर 8-10 लोगों ने हमला किया था, जिसमें एक हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। बावजूद इसके, पुलिस ने बेला किन्नर पर भी मुकदमा दर्ज कर दिया, जिससे यूनियन में नाराजगी है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हमले से जुड़े साक्ष्य पुलिस को सौंपे गए थे, लेकिन षड्यंत्र के तहत क्रॉस मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने मांग की कि इस मुकदमे को तत्काल वापस लिया जाए। साथ ही जिला अस्पताल के डॉक्टरों पर विपक्षियों से मिलीभगत कर मेडिकल रिपोर्ट में हेरफेर करने का आरोप लगाया गया। यूनियन ने मांग की कि संबंधित डॉक्टर को निलंबित किया जाए और बेला किन्नर और काजल का पुनः मेडिकल जांच पैनल द्वारा कराया जाए।
भारतीय किसान यूनियन (भानु) के कार्यकर्ताओं ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान यूनियन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
