इटावा। सदर कोतवाली इलाके के पक्का तालाब चौराहा के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा शोरूम में घुस गई, जिससे शोरूम का शटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर खड़े कई ई-रिक्शा को नुकसान पहुंचा। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस हादसे में शोरूम मालिक को करीब 50 से 60 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार बहुत अधिक थी। तेज गति के कारण चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और कार सीधे शोरूम में घुस गई। हालांकि, कार चालक को चोटें आईं, जिसे स्थानीय लोगों ने तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। शोरूम मालिक और आसपास के दुकानदारों ने घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नौरंगाबाद चौकी इंचार्ज संजय दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण होना प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं कार में कोई तकनीकी खराबी तो नहीं थी या चालक नशे में तो नहीं था।

शोरूम मालिक अनुराग कुमार ने बताया कि इस हादसे में उनके शोरूम के शटर और कुछ ई-रिक्शा को गंभीर नुकसान पहुंचा है। उन्होंने प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
