इटावा। शनिवार को इटावा जंक्शन पर पहली लूप लाइन पर तीन घंटे का ब्लॉक लिया गया। इस दौरान रेलवे कर्मियों ने 53 किलो वजन की पुरानी पटरी को हटाकर 60 किलो वजनी नई पटरी को स्थापित किया। यह कार्य उत्तर-मध्य रेलवे द्वारा चलाए जा रहे रेलवे उच्चीकरण योजना के तहत किया गया।
ब्लॉक दोपहर 12 बजकर 35 मिनट से लेकर 3 बजकर 35 मिनट तक रहा, जिसके दौरान मेन लाइन और अन्य लूप लाइनों से ट्रेनों का आवागमन जारी रखा गया। इस कार्य को मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद रेलवे की गति में वृद्धि की उम्मीद है। नई पटरी के साथ ट्रेनें अब 130 किमी/घंटा की रफ्तार की बजाय 160 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकेंगी।
उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि हावड़ा-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर गाजियाबाद से पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन तक रेलवे उच्चीकरण कार्य चल रहा है। इस कार्य के पहले चरण में पटरियों के अलावा बिजली व्यवस्था भी बदली जा रही है।
