भरथना- सूने घर मेें अज्ञात बदमाशों ने ताला तोडकर करीब 5 लाख रूपये कीमती सोने- चाँदी के आभूषण आदि पार कर दिये। जबकि पडोसी के घर में ताला तोडने में बदमाश असफल होकर खाली हाथ लौट गये।
कस्बा क्षेत्र अन्तर्गत मुहल्ला शुक्लागंज में बीती रात्रि अज्ञात बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। मुहल्ला निवासी पीडिता अनीता देवी पत्नी छोटेलाल प्रजापति ने बताया कि उसके पति बाहर रहकर मजदूरी करते है। जबकि वह अपने छोटे दो बच्चों के साथ घर पर रहती है। बीती शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे वह अपनी पडोसन जेठानी कुसुमा देवी पत्नी अरविन्द प्रजापति के साथ घरों में ताले लगाकर मायके ग्राम निवार गई थी। इस बीच रात्रि में उनके घर सूने पडे थे। इसी रात्रि अज्ञात बदमाशों ने उनके सूने घर को निशाना बनाकर ताले तोड दिये और कमरे की अलमारियों, बक्सों में रखे सोने-चाँदी के करीब 5 लाख रूपये कीमती आभूषण आदि कीमती सामान चोरी कर ले गये। पीडिता अनीता देवी के अनुसार अज्ञात बदमाशों ने उसकी पडोसन जेठानी कुसुमा देवी के सूने घर में लगे तालों को भी तोडने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना प्रातः अन्य पडोसियों द्वारा उसको फोन पर दी गई। जिस पर घर आकर उसने देखा और घटना से पुलिस को अवगत कराया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

