कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बतख तलैया कटरा शमशेर खां में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार की रात मामूली विवाद के चलते एक भाई ने अपने छोटे भाई को पेट में चाकू मार दिया। इस घटना में घायल युवक की हालत गंभीर है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला बतख तलैया कटरा शमशेर खां निवासी दिलीप कुमार (30) का अपने बड़े भाई से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने गुस्से में आकर दिलीप को पेट में चाकू मार दिया। चाकू लगने से दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गया और वह जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल दिलीप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
