जसवंतनगर: प्रियांशी संस्कार वैली स्कूल के छात्रों ने जिला कराटे चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक जीते। प्रतियोगिता का शुभारंभ सदर विधायक सरिता भदौरिया ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।
11 वर्ष आयु वर्ग में स्कूल के कृष्णा तोमर ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, वहीं अंशी जैन ने रजत और आर्यनशी दुबे ने कांस्य पदक हासिल किया। 12 वर्ष आयु वर्ग में मोक्ष जैन और गौरी ने रजत पदक जीते, जबकि आर्या ने कांस्य पदक अपने नाम किया। 13 वर्ष आयु वर्ग में आशिक ने स्वर्ण पदक जीता और हर्षित ने रजत पदक प्राप्त किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. स्नेहलता उमराव ने छात्रों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय और कोच संध्या सक्सेना के प्रशिक्षण की उत्कृष्टता का परिणाम बताया। उन्होंने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के खेल प्रशिक्षण में नए आयाम जोड़ेगी। इस सफलता से विद्यालय और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। विजेता छात्रों ने अपने प्रदर्शन से विद्यालय और जिले का मान बढ़ाया है।