जसवंतनगर के अधिवक्ताओं ने न्यायालय की कार्यशैली पर विरोध दर्ज कराया और कार्य से विरत रहे।
अधिवक्ताओं ने तहसील न्यायालय में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए विरोध दर्ज कराया।
उनका आरोप है कि 2 नवंबर 2026 को न्यायालय ने सभी वादों में अगली सुनवाई के लिए 16 नवंबर की सामान्य तारीख नियत की थी। इसके बावजूद पूजा पाल बनाम रामकिशोर आदि, अनिल कुमार बनाम मथुरा प्रसाद तथा शीतू बनाम दिनेश चंद्र के मुकदमों में 4 नवंबर को बिना वादी-प्रतिवादी के अधिवक्ताओं को सूचना दिए पत्रावलियों में आदेश दर्ज कर एकपक्षीय नामांतरण आदेश पारित कर दिए गए।
अधिवक्ताओं ने इसे न्याय प्रक्रिया के विपरीत बताते हुए संबंधित कर्मचारी को उसके वास्तविक कार्य में लगाए जाने तथा न्यायालय की कार्यशैली में सुधार की मांग की।
इसी के विरोध में अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहकर नियत वादों में सामान्य तिथि निर्धारित किए जाने की मांग की।
