इटावा। तहसील जसवंतनगर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) के अवसर पर आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभय नाथ त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से फरियादियों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व, पुलिस, विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आवश्यक होने पर मौके पर जाकर जांच कराई जाए।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष एवं न्यायोचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है तथा सभी शिकायतों का नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा।
