भरथना- कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टियांपुर में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर स्थित जामुन के पेड़ पर एक युवक का शव गमछे के सहारे फांसी के फंदे पर झूलता मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर जामुन के पेड़ पर एक युवक का शव लटका देखा। सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक के पास मिले बैग से एक मोबाइल नंबर मिला, जिस पर संपर्क करने के बाद उसकी पहचान दिलीप कुमार (26) पुत्र राजवीर के रूप में हुई। मृतक के छोटे भाई दीपेश ने बताया कि वे तीन भाई हैं, जिनमें दिलीप सबसे बड़े थे। उनके बाद ओमवीर और फिर दीपेश हैं। उन्होंने बताया कि करीब 12 वर्ष पहले परिवार गांव की संपत्ति बेचकर रोजगार की तलाश में गांव छोड़कर चला गया था। वर्तमान में परिवार सिरसागंज में रह रहा है, जबकि भरथना में उनका एक प्लॉट भी है।
दीपेश के अनुसार वह और उसका भाई ओमवीर नोएडा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं, जबकि उनके पिता सोनीपत में नौकरी करते हैं। मां और परिवार के अन्य सदस्य सिरसागंज में रहते हैं। करीब पांच दिन पहले दिलीप भी काम की तलाश में नोएडा आए थे। परिजनों ने बताया कि नोएडा में दिलीप को एक सिक्योरिटी गार्ड कंपनी में नौकरी दिलाई गई थी। उन्होंने एक दिन काम करने के बाद तबियत ठीक न होने और वहां मन न लगने की बात कही। इसके बाद उन्होंने मथुरा जाकर दूसरी नौकरी तलाशने की बात कही थी। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे दिलीप मथुरा जाने की बात कहकर नोएडा से निकले थे। शुक्रवार सुबह गांव के लोगों ने फोन कर परिजनों को सूचना दी कि दिलीप का शव टियांपुर गांव के बाहर जामुन के पेड़ पर लटका मिला है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
