भरथना (रिपोर्ट- तनुज श्रीवास्तव, 9720063658)- घर में हुई शादी की खुशियांँ समाप्त नहीं हो पायीं थी, महज 10 दिन बाद सडक हादसे में पति की हुई मौत से नवविवाहिता का सुहाग उजड गया। हाथों में लगी मेंहदी फीकी होने से पहले ही सारी खुशियाँ मातम में तब्दील हो गयीं।
बकेवर थाना क्षेत्र के बकेवर-भरथना रोड पर ग्राम पटियन के समीप शुक्रवार की शाम हुए सड़क हादसे में एक नवविवाहित परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छिन गयीं। हादसे वाले घर में अभी कुछ दिन पहले शहनाई के गीत गूंजे थे, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। कस्बा निवासी करीब 21 वर्षीय अभिषेक कुमार पुत्र सन्तोष सिंह की बीती दिनांक 05 मई 2026 को बडे ही धूमधाम के साथ राधा के साथ शादी हुई थी। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम अभिषेक अपनी पत्नी राधा की विदाई कराकर घर छोड़ने के बाद अपने दोस्त विशाल को छोड़ने बाइक से बकेवर जा रहा था। तभी पटियन गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अभिषेक गम्भीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल अभिषेक को पहले सीएचसी बकेवर, फिर जिला अस्पताल इटावा और बाद में सैंफई चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। अभिषेक की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। नई नवेली दुल्हन राधा का रो-रोकर बुरा हाल है। जिसके हाथों की मेहंदी अभी फीकी भी नहीं पड़ी थी, उन्हीं हाथों से वह अपने पति का शव पकड़कर बिलखती रही। जबकि मृतक की माँ उसका शव देखते ही बेहोश हो गयी। परिजनों ने बताया कि अभिषेक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। वह पिता के साथ खेती और मण्डी में आढ़त का काम करता था। पूरे परिवार की जिम्मेदारी धीरे-धीरे उसके कंधों पर आ रही थी। फोटो- 10 दिन पूर्व हुई शादी में स्टेज पर पत्नी के साथ बैठा अभिषेक कुमार।
