इटावा। यमुना और चंबल नदियों के बीच बसे ऐतिहासिक पारपट्टी क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेला (पुरा मंशाराम) में एक भव्य पार्क के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। सनातन धर्म की रक्षक एवं पुण्य श्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की पावन स्मृतियों को समर्पित इस पार्क का शिलान्यास 3 मई 2026, रविवार को प्रातः 9 बजे किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत इटावा के अध्यक्ष अभिषेक यादव (अंशुल) के करकमलों द्वारा भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम सम्पन्न होगा। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

कार्यक्रम के उपलक्ष्य में एक विशाल जनसभा का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें पारपट्टी क्षेत्र के नागरिकों, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति अपेक्षित है।समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य ‘बबलू’ एवं महामंत्री वीरभान सिंह ‘वीरू भदौरिया’ ने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और इस ऐतिहासिक पहल के साक्षी बनें।
