लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के प्रभारी मंत्रियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर पर भाजपा कार्यकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनें और उनका समाधान सुनिश्चित करें।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से यह शिकायत दर्ज कराई गई थी कि कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं की समस्याओं को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा है। इस पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं।
प्रभारी मंत्री भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों को भी साझा करेंगे। इसके साथ ही वे समन्वय समिति की बैठकों में शामिल होकर संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में सिलेंडर आपूर्ति, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करें, ताकि आम जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
सरकार के इस फैसले को संगठन और शासन के बीच संवाद मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
