लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्र सरकार और राज्य सरकार के बीच ‘जल जीवन मिशन 2.0’ के अंतर्गत आयोजित एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम में भाग लिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रदेश के प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ‘हर घर नल से जल’ के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘जल जीवन मिशन 2.0’ न केवल स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में सहायक होगा, बल्कि जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करने में भी अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने इस योजना को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने वाला बताया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग पर भी बल दिया गया, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा सके।
