नई दिल्ली। द्रौपदी मुर्मु ने चैत्र शुक्लादि सहित देश के विभिन्न हिस्सों में मनाए जाने वाले नववर्ष पर्वों—उगादी, गुड़ी पाड़वा, चेटी चांद, नवरेह और साजिबु चेरोबा के शुभ अवसर पर देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि इन पावन अवसरों पर वह देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को शुभकामनाएं देती हैं। उन्होंने कहा कि नववर्ष के आगमन पर मनाए जाने वाले ये सभी पर्व भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और प्रकृति के साथ गहरे संबंध के प्रतीक हैं।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि ये उत्सव लोगों को नई आशाओं, नए संकल्प और सकारात्मक ऊर्जा के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। साथ ही, ये हमारी सांस्कृतिक विरासत के वाहक हैं, जो मिलकर खुशियां बांटने और एक-दूसरे के साथ जुड़ाव को मजबूत करने की परंपरा को दर्शाते हैं।
उन्होंने अपनी शुभकामनाओं में कहा कि ये सभी त्योहार देश के विभिन्न समुदायों को प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के बंधन में बांधें तथा सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आएं।
