भरथना (रिपोर्ट- तनुज श्रीवास्तव, 9720063658)- स्मार्ट मीटर लगने के कुछ महीनों बाद मात्र तीन माह में एक लाख साठ हजार रूपया बिजली बिल देख चिन्तित घर के इकलौते कमाऊ 55 वर्षीय वृद्ध की सदमें में आकर ह्रदयगति रूक जाने से दर्दनाक मौत हो गयी। इससे पूर्व अतिरिक्त बिल संशोधित कराने के लिए वृद्ध उपभोक्ता अपना हथठेली पर चाय बिक्री का काम बन्द कर करीब एक माह से बिजली विभाग के कार्यालय में अधिकारियों के चक्कर काट रहा था। लेकिन अधिकारियों की लापरवाही व अनसुनी के चलते वृद्ध हताश होकर अपने प्राण त्याग बैठा। जिससे परिजनों में बुरी तरह कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने विद्युत कार्यालय पर शव रखकर अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की माँग करते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना की जानकारी होते ही बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी कार्यालय में ताला बन्दकर मौके से नौ दो ग्यारह हो गये।
कस्बा के मुहल्ला महावीर नगर निवासी 55 वर्षीय वृद्ध शिवकुमार कश्यप के यहाँ बीते माह सितम्बर, 2025 को स्मार्ट मीटर लगाया गया था। तब से उनका बिल लगातार ज्यादा आ रहा था, किन्तु कुछ दिन पूर्व मात्र तीन माह का विद्युत बिल एक लाख साठ हजार रूपया का मैसेज देखकर वह लगातार चिन्तित थे और अपना हथठेली पर चाय बिक्री का काम छोडकर बिल संशोधन के लिए लगातार भरथना, इटावा, सुन्दरपुर आदि बिजली कार्यालय पर अधिकारियों के चक्कर काट रहे थे। किन्तु विभागीय अधिकारी समस्या का समाधान न निकालकर वृद्ध को इधर से उधर चक्कर कटवाये जा रहे थे। मृतक की पत्नी सीमा देवी, पुत्री राखी, पुत्र सत्यम कुमार ने बताया कि जब से उनके घर स्मार्ट मीटर लगा है। तब से विद्युत बिल अत्यधिक आ रहा है। जबकि उनकी आर्थिक स्थिति सही नहीं है, पिता हथठेला पर चाय बिक्री का कार्य करते हैं, जिसके चलते उनके घर में भी विद्युत के ऐसे कोई उपकरण नहीं है, जिनसे इतना ज्यादा बिल आ सके। एक लाख साठ हजार रूपया का बिल देखकर वह अत्यन्त मानसिक तनाव में रहते थे। कई बार परिजनों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, किन्तु गलत बिल को संशोधित कराने में अधिकारियों से कोई सहयोग न मिलने पर वह ज्यादा परेशान थे। जिसके चलते मंगलवार की रात्रि उनकी ह्रदयगति रूक जाने से दर्दनाक मौत हो गयी। घर के इकलौते कमाऊ सदस्य की मृत्यु से पत्नी सहित तीन पुत्र, तीन पुत्रियों के सामने आजीविका का संकट गहरा गया है।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने बुधवार को प्रातः 11 बजे मृतक का अन्तिम संस्कार करने से पहले मण्डी रोड स्थित विद्युत उपखण्ड अधिकारी कार्यालय पर शव रखकर अपना विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इधर घटना की भनक लगते ही बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी अपने कार्यालय में ताला डालकर नौ दो ग्यारह हो गये। घटना की जानकारी होने पर तहसीलदार दिलीप कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह मौके पर मय पुलिस बल के साथ पहुँच गये।

विद्युत कार्यालय पर मृतक का शव रखकर परिजनों द्वारा किये जाने वाले विरोध की जानकारी होते ही पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव गुल्लू, पूर्व चैयरमैन मनोज पोरवाल, मण्डल अध्यक्ष ओमप्रताप सिंह बण्टू गौर, व्यापार मण्डल अध्यक्ष बण्टी पोरवाल, रज्जन पोरवाल आदि के हस्तक्षेप के चलते बिजली विभाग के अधिकारियों को कार्यालय पर बुलाया गया। मौके पर पहुँचे अधिकारियों ने सम्बन्धित बिल को शून्य करने की बात कहकर कुछ नगद आर्थिक सहयोग किया तथा तहसीलदार दिलीप कुमार सिंह ने शासन से जो भी आर्थिक सहयोग होगा, वह दिलाने का भरपूर आश्वासन दिया। तब कहीं 11 बजे से चल रहा विरोध प्रदर्शन दोपहर करीब 2 बजे समाप्त हुआ और मृतक का अन्तिम संस्कार किया गया।
