देश की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रित परिवारों के सम्मान और सुविधाओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा अब संसद तक पहुंच गया है।
राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित परिवार के प्रदेश महासचिव आकाश दीप जैन द्वारा इटावा के लोकप्रिय सांसद जितेंद्र दोहरे को ज्ञापन सौंपकर मांग की गई थी कि स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों को रेलवे यात्रा के दौरान विशेष आरक्षण सुविधा प्रदान की जाए, ताकि उन्हें सम्मानजनक एवं सुगम यात्रा का अधिकार मिल सके।
इस जनहितकारी और संवेदनशील विषय को गंभीरता से लेते हुए सांसद जितेंद्र दोहरे ने लोकसभा में प्रमुखता के साथ उठाया। इसके साथ ही यह मुद्दा अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।
यह पहल न केवल स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति देश की कृतज्ञता को दर्शाती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान और त्याग का महत्व समझाने का कार्य भी करती है। इस सराहनीय प्रयास के लिए क्षेत्रवासियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा सांसद जितेंद्र दोहरे और आकाश दीप जैन को हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद दिया जा रहा है।
