उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग द्वारा कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के नेतृत्व में नर्सिंग स्टाफ एवं रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए इन्फेक्शन प्रिवेंशन (संक्रमण रोकथाम) प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण से जुड़ी जागरूकता बढ़ाना तथा चिकित्सकीय कार्यों में सुरक्षित और प्रभावी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. कल्पना कुमारी के संबोधन से हुई। उन्होंने संक्रमण की रोकथाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण के प्रभावी उपाय न केवल मरीजों बल्कि स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संक्रमण की रोकथाम एंटीबायोटिक प्रतिरोध (Antibiotic Resistance) जैसी गंभीर समस्या से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान डॉ. अनुराधा ने हाथों की स्वच्छता (हैंड हाइजीन), व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) के सही उपयोग तथा स्टेरिलाइजेशन और डिसइन्फेक्शन से संबंधित महत्वपूर्ण प्रोटोकॉल की विस्तृत जानकारी दी। वहीं डॉ. आकांक्षा शर्मा ने बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट पर प्रकाश डालते हुए स्वास्थ्य संस्थानों में कचरे के सुरक्षित प्रबंधन की आवश्यकता और उसके प्रभावों के बारे में बताया।
कार्यक्रम में नर्सिंग स्टाफ और रेजिडेंट डॉक्टरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के अंत में प्रश्न–उत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने प्रश्न रखे और विशेषज्ञों ने उनका समाधान किया।
