अध्यक्ष नीलामी समिति एवं अपर जिला जज कोर्ट संख्या-12 अशोक कुमार दुबे ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि नई दीवानी परिसर इटावा में स्थित विभिन्न दुकानों एवं स्टॉलों की नीलामी वित्तीय वर्ष 2026-27 (01 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027) के लिए आयोजित की जाएगी।
यह नीलामी दिनांक 16 मार्च 2026 को अपरान्ह 4:30 बजे नई दीवानी परिसर स्थित दस न्यायालय कक्ष भवन के सभागार में संपन्न होगी। नीलामी में अस्थायी नवीन फोटो स्टेट की दुकान, हलवाई की दुकान, लाई-चना का स्टॉल तथा पान का खोखा शामिल हैं।
सूचना के अनुसार, जो भी व्यक्ति उक्त दुकानों का ठेका लेना चाहता है, वह निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर माननीय जिला जज, इटावा द्वारा अनुमोदित शर्तों के अधीन बोली लगाने के लिए उपस्थित हो सकता है।
नीलामी में भाग लेने के लिए लाई-चना स्टॉल और पान के खोखे हेतु 2,000 रुपये तथा फोटोस्टेट व हलवाई की दुकान के लिए 10,000 रुपये की सुरक्षा धनराशि नकद जमा करनी होगी। सभी बोलीदाताओं को यह जमानत राशि 16 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे तक अग्रिम रूप से जमा करनी अनिवार्य होगी, जो नीलामी समाप्ति के बाद नियमानुसार वापस कर दी जाएगी।
अधिकतम बोली लगाने वाले व्यक्ति को नीलामी के तुरंत बाद बोली की कुल धनराशि का 50 प्रतिशत जमा करना होगा। नीलामी को स्वीकार या अस्वीकार करने का अंतिम अधिकार माननीय जिला जज, इटावा के पास सुरक्षित रहेगा।
इच्छुक बोलीदाताओं को नीलामी में भाग लेने से पूर्व 100 रुपये मूल्य का नीलामी फार्म भरकर सक्षम अधिकारी द्वारा जारी स्थायी निवास प्रमाण पत्र या आधार कार्ड सहित नजारत कार्यालय में जमा करना होगा। नीलामी फार्म 16 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे तक नजारत कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।
नीलामी से संबंधित स्वीकृत शर्तों एवं अन्य जानकारी केन्द्रीय नाजिर, नजारत जजी, इटावा से प्राप्त की जा सकती है।
