बकेवर:- जनता कॉलेज बकेवर इटावा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस का शुभारंभ प्रातः योगाभ्यास के साथ हुआ। योग सत्र का संचालन स्वयंसेविका साधना सिंह एवं स्वयंसेवक कप्तान सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने अपने अनुभवों के माध्यम से स्वयंसेवकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा नियमित योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों पर प्रकाश डाला।

प्रथम तकनीकी सत्र में प्राचार्य राजेश किशोर त्रिपाठी के निर्देशन में “मतदाता जागरूकता” विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी के दौरान मुख्य वक्ता डॉ. एम.पी. यादव ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आत्मा है और प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक व संवैधानिक दायित्व है कि वह निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं मतदान करें और समाज में अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। डॉ. एम.पी. सिंह ने अपने संबोधन में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अनिवार्यता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की नींव रखता है। साथ ही उन्होंने मतदाताओं को किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव से दूर रहकर स्वतंत्र रूप से मतदान करने की अपील की। डॉ. ज्योति भदौरिया ने महिला मतदाता जागरूकता पर विशेष प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से लोकतंत्र और अधिक सशक्त होता है।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई। डॉ. नवीन अवस्थी ने नैतिक मतदान की अवधारणा को रेखांकित करते हुए कहा कि मतदाता को जाति, धर्म और लोभ से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में मतदान करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की सलाह दी। वहीं इंजीनियर अजीत अग्निहोत्री ने तकनीक आधारित चुनाव प्रक्रिया पर जानकारी देते हुए ईवीएम, वीवीपैट तथा डिजिटल मतदाता सेवाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला और बताया कि तकनीक से चुनाव प्रणाली अधिक पारदर्शी बनी है। गोष्ठी के अंत में वक्ताओं ने सर्वसम्मति से यह संदेश दिया कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे और सभी ने मतदान के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज यादव ने अपने संबोधन में मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, निर्वाचन आयोग के नियमों तथा विभिन्न प्रपत्रों जैसे नाम जुड़वाने, संशोधन एवं स्थानांतरण से संबंधित फार्म के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे स्वयं भी मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करें तथा समाज में अधिकाधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें। तत्पश्चात खितौरा गांव में मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली की अध्यक्षता गांव के पूर्व प्रधान चंद्र मोहन यादव द्वारा की गई। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने नारेबाजी, जनसंपर्क एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया।
नुक्कड़ नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि “पहले मतदान, फिर जलपान” तथा प्रत्येक नागरिक का मतदान लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला है। ग्रामीणों से विशेष अपील की गई कि वे अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें तथा यदि नाम मतदाता सूची में दर्ज न हो तो उसे अवश्य बनवाएं।द्वितीय तकनीकी सत्र में सर्वजनिक इंटर कॉलेज, चौरंगाघाट, बाह, आगरा से पधारे प्रख्यात वक्ता प्रमोद तिवारी ने “स्वास्थ्य एवं शिक्षा” विषय पर सारगर्भित व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही सशक्त राष्ट्र निर्माण की नींव हैं। उन्होंने युवाओं को नशामुक्ति, स्वच्छता, संतुलित आहार एवं नियमित अध्ययन के प्रति प्रेरित किया।
तृतीय सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने देशभक्ति गीतों, समूह गान एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. मनोज यादव द्वारा किया गया। शिविर के दौरान संरक्षक अरविंद कुमार जी का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर शिववीर सिंह एवं अजय यादव सहित छवि गुप्ता, दिव्यांश मिश्रा, दिव्यांशु, गर्गी दीक्षित, हर्षकांत गुप्ता, हर्षित वर्मा, इंद्रपाल,जया मिश्रा और अन्य 46 स्वयंसेवक उपस्थित रहीं।
