इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इटावा के तत्वावधान में शुक्रवार को जनपद न्यायालय एवं कचहरी परिसर में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रजत सिंह जैन के दिशा-निर्देशन में नगर पालिका परिषद इटावा के सहयोग से संपन्न हुआ।
अभियान के दौरान जिला जज रजत सिंह जैन, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्वनी कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आरती द्विवेदी सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने न्यायालय परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि यह न्यायिक कार्यों की गरिमा को भी बनाए रखता है।
जिला जज के निर्देशानुसार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आरती द्विवेदी द्वारा जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी अधिवक्ता एवं सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री अरुण कुमार गुप्ता अधिवक्ता के साथ पूरे कचहरी परिसर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों से परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।
जहां-जहां गंदगी पाई गई, वहां तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद इटावा संतोष कुमार मिश्र को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
इस स्वच्छता अभियान के माध्यम से न्यायालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
