भरथना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत जैतपुर के दुर्गापुरा में रविवार को मिनी सचिवालय का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ पहुंचकर फीता काटकर मिनी सचिवालय का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने उपस्थित ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि मिनी सचिवालय के संचालन से ग्रामीणों को अपने गांव में ही सरकारी योजनाओं एवं जनसमस्याओं से जुड़े कार्यों में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए तहसील व ब्लॉक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने ग्राम पंचायत के विकास में जनसहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ग्रामीण अपनी समस्याओं को निर्भीक होकर रखें, उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
