जनपद न्यायालय परिसर शुक्रवार दोपहर युद्ध का मैदान बन गया जब चचेरी बहनों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मामला उस समय तूल पकड़ गया जब बकेवर के कुसगवां निवासी बबीता पत्नी राजकुमार, जो अपने देवर के साथ मेंटीनेंस के मुकदमे की तारीख के लिए आई थी, को सिविल लाइंस के ब्रह्म नगर निवासी बेबी पत्नी देवेंद्र कुमार ने घेरकर हमला कर दिया। बेबी ने बबीता के बाल पकड़कर पीटना शुरू कर दिया, जिसके जवाब में बबीता ने भी पलटवार किया।
दोनों महिलाओं के बीच हुई इस लड़ाई को देखकर न्यायालय परिसर में अफरातफरी मच गई और भीड़ इकट्ठा हो गई। कुछ अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन दोनों महिलाओं ने एक-दूसरे को मारना जारी रखा। स्थिति बिगड़ती देख न्यायालय परिसर की सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों को बीच में आना पड़ा। पुलिस ने किसी तरह दोनों को अलग कर सिविल लाइंस पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सिविल लाइंस थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं को समझाने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के चलते न्यायालय परिसर में दिनभर माहौल गर्म रहा।
