इटावा। इटावा सफारी पार्क ने नववर्ष के पहले दिन पर्यटकों की भारी भीड़ आकर्षित की। पार्क प्रबंधन द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से किए जा रहे प्रचार के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। एशियाटिक शेरों के साथ अन्य वन्यजीवों को देखने के लिए पर्यटक बड़ी संख्या में सफारी पहुंचे। सफारी के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल ने बताया कि 1 जनवरी 2025 को 2000 से अधिक पर्यटकों ने सफारी का भ्रमण किया।

डॉ. पटेल के अनुसार, एशियाटिक शेर इटावा सफारी पार्क का मुख्य आकर्षण हैं। सफारी में 15 शेरों के अलावा हिरण, काले मृग, भालू, और तेंदुए जैसे अन्य वन्यजीव भी बड़ी संख्या में हैं। हाल ही में तीन बारहसिंघा भी सफारी में शामिल किए गए हैं, जिन्हें क्वारेंटाइन में रखा गया है और जल्द ही पर्यटक इन्हें भी देख सकेंगे। नववर्ष के मौके पर पर्यटकों ने शांतिपूर्वक सफारी का आनंद लिया।

नववर्ष पर सफारी पार्क भ्रमण का पहला टिकट आगरा निवासी अश्विनी सिंह ने लिया, जिन्हें उपहार देकर सम्मानित किया गया। लकी ड्रा के जरिए छोटे बच्चों द्वारा चुनी गई पर्चियों में आलोक और मुनीषा को उपहार प्रदान किए गए। इसके अलावा, आखिरी टिकट लेने वाले अनमोल कासगंज को भी उपहार देकर सम्मानित किया गया।

देवी इंटर कॉलेज से आए पर्यटक प्रतीक, उमा, सुनील सहित अन्य पर्यटकों के लिए उपहार सफारी कार्यालय में सुरक्षित रखे गए हैं। ये पर्यटक किसी भी कार्य दिवस में अपने टिकट के साथ आकर उपहार प्राप्त कर सकते हैं। इस पहल से पर्यटकों में उत्साह का माहौल रहा और सभी ने सफारी भ्रमण का आनंद लिया।
सफारी प्रबंधन द्वारा फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम और ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निरंतर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। निदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल ने बताया कि इस प्रयास के चलते पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष लगभग 800 अधिक पर्यटक सफारी पहुंचे। यह सफारी प्रशासन के कुशल प्रबंधन और प्रयासों का परिणाम है।
