भरथना (रिपोर्ट- तनुज श्रीवास्तव, 9720063658)- बीते शनिवार को कस्बा के मुहल्ला शुक्लागंज में श्राद्ध का खाना बनाते समय हुए सिलेण्डर लीकेज अग्निकाण्ड में गम्भीर रूप से झुलसी दूसरी महिला ने भी उपचार के दौरान अन्तिम सांस ली। जबकि इससे पूर्व उसी दिन एक महिला की दर्दनाक मौत हो चुकी है। घर की जिठानी-देवरानी दोनों की आकस्मिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
बताते चलें कि बीते शनिवार को कस्बा के मुहल्ला शुक्लागंज स्थित स्व0 जगतानन्द उर्फ बंगाली बाबू गुप्ता के घर में परिजनों द्वारा श्राद्ध का खाना बनाते समय सिलेण्डर रेग्युलेटर लीकेज होने के कारण भीषण आग लग गयी थी। उक्त अग्निकाण्ड में घर की दो बहुयें रश्मि (32 वर्ष) पत्नी दीपू व सीमा उर्फ रानी (40 वर्ष) पत्नी प्रेमकिशोर उर्फ लिटिल व प्रेमकिशोर उर्फ लिटिल गम्भीर रूप से झुलस गये थे। साथ ही घर-गृहस्थी का सारा कीमती सामान आग की भेंट चढ गया था। गम्भीर घायलों को आनन-फानन में सैंफई चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। जहाँ शनिवार की शाम को ही रश्मि की मौत हो गयी थी। जबकि मंगलवार को सीमा ने अन्तिम सांस ली। परिवार में आकस्मिक दो बहुओं की मौत से पूरे परिवार में चीख पुकार के बीच कोहराम मच गया।
