सैफई। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई के जनरल सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राम लखन सिंह वर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित एसीआरएसआईकॉन-2026 (ACRSICON-2026) में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में 17 से 20 सितंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित सम्मेलन के दौरान उन्हें फेलोशिप इन कोलोरेक्टल सर्जरी (FACRSI) से सम्मानित किया गया।

यूपीयूएमएस के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के नेतृत्व एवं जनरल सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) एस.पी. सिंह के मार्गदर्शन में डॉ. वर्मा ने सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने कोलोनोस्कोपी वर्कशॉप में हिस्सा लेकर कोलोरेक्टल सर्जरी के नवीनतम तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
सम्मेलन के दौरान डॉ. वर्मा ने “डिफरेंट फ्लैप टेक्नीक्स इन ट्रीटमेंट ऑफ पाइलोनाइडल साइनस डिजीज” विषय पर अपना शोधपत्र प्रस्तुत किया। फ्री पेपर श्रेणी में प्रस्तुत इस शोधकार्य को विशेषज्ञों ने सराहा और उन्हें तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में हो रहे उच्चस्तरीय शोध एवं शैक्षणिक गतिविधियों का प्रमाण मानी जा रही है।
विशेष बात यह रही कि डॉ. वर्मा को एसीआरएसआईकॉन-2026 में फैकल्टी एवं चेयरपर्सन के रूप में भी आमंत्रित किया गया। किसी राष्ट्रीय सम्मेलन में इस भूमिका में सहभागिता उनकी विशेषज्ञता और क्षेत्र में योगदान को दर्शाती है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि को यूपीयूएमएस की शैक्षणिक उत्कृष्टता, उन्नत सर्जिकल प्रशिक्षण, शोध कार्यों तथा मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया है। कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह सहित विश्वविद्यालय परिवार ने डॉ. राम लखन सिंह वर्मा को इस उल्लेखनीय सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
