सैफई। स्कूली बच्चों में नेत्र संबंधी समस्याओं कीसमय रहते पहचान और स्वस्थ दृष्टि के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस) सैफई के ऑप्टोमेट्री विभाग द्वारा 23 सितंबर 2026 को उच्च माध्यमिक कंपोजिट विद्यालय उझियानी में स्कूल आई स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर विद्यालय प्रशासन के सहयोग से संपन्न हुआ।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों की दृष्टि क्षमता (विजुअल एक्यूटी) की जांच, रिफ्रैक्टिव एरर स्क्रीनिंग तथा बाइनोक्यूलर विजन का परीक्षण किया गया। विशेषज्ञों ने बच्चों को आंखों की नियमित जांच कराने, चश्मे के सही उपयोग तथा दृष्टि संबंधी किसी भी समस्या की जानकारी समय पर देने के महत्व के बारे में बताया।
ऑप्टोमेट्री विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को आंखों की देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए और स्वस्थ दृष्टि बनाए रखने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी साझा की। साथ ही बच्चों और शिक्षकों को नेत्र रोगों की शुरुआती पहचान एवं रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यूपीयूएमएस के विशेषज्ञों ने बताया कि इस तरह के जागरूकता एवं जांच कार्यक्रमों से स्कूली बच्चों में नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ दृष्टि संबंधी समस्याओं का समय पर उपचार सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।
