इटावा। जनपद में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना बसरेहर पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान थाना क्षेत्र के विभिन्न बैंक शाखाओं के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई।

पुलिस टीम ने बैंक परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बैंक कर्मचारियों एवं ग्राहकों को सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने बैंक परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा संबंधी अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
चेकिंग अभियान के दौरान सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की गई तथा संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की हिदायत दी।
इटावा पुलिस द्वारा चलाया गया यह अभियान अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
