उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई में “एडवांसेज इन रिसर्च मेथडोलॉजी एंड एआई टूल्स इन हेल्थकेयर रिसर्च” विषय पर एक दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) का सफल आयोजन किया गया। 10 सितंबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सा अनुसंधान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों एवं शोध पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में किया गया। एफडीपी के दौरान रिसर्च गैप आइडेंटिफिकेशन, रिसर्च प्रपोजल एवं ग्रांट राइटिंग, रिसर्च टूल्स, रिसर्च एथिक्स, क्लीनिकल ट्रायल रजिस्ट्रेशन, रिसर्च एवं अकादमिक लेखन में एआई टूल्स के उपयोग तथा वैज्ञानिक शोध-पत्र लेखन एवं प्रकाशन जैसे विषयों पर सात तकनीकी सत्र आयोजित किए गए।
विशेषज्ञ वक्ताओं ने प्रतिभागियों को आधुनिक अनुसंधान पद्धतियों, वैज्ञानिक लेखन और स्वास्थ्य अनुसंधान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभावी, वैज्ञानिक एवं नैतिक उपयोग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। सत्रों में शोध की गुणवत्ता बढ़ाने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और शोध कार्यों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, संकाय सदस्यों, शोधार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के साथ संवाद कर अनुसंधान से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
आयोजकों के अनुसार यह एफडीपी गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, नवाचार, अंतर्विषयक सहयोग तथा साक्ष्य-आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य आयोजन सचिव श्री संदीप कुमार शांडिल्य तथा आयोजन सचिव डॉ. गौरव दुबे रहे।
