सदर विधायक सरिता भदौरिया ने फरीदाबाद स्थित ताज होटल सूरजकुंड में राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा आयोजित “शी इज़ ए चेंज मेकर” कार्यशाला में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्हें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

कार्यशाला का उद्देश्य राजनीति, प्रशासन और सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना तथा उनके क्षमता निर्माण को मजबूत करना था। कार्यक्रम में देशभर से आई महिला जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं ने भाग लिया।
विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का मार्गदर्शन महिलाओं के नेतृत्व विकास, प्रशासनिक दक्षता और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके विचार महिलाओं को सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाने और नेतृत्व क्षमता को निखारने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। ऐसे प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम महिलाओं को अपने अनुभव साझा करने तथा नई चुनौतियों का सामना करने के लिए सशक्त बनाते हैं।
सरिता भदौरिया ने राष्ट्रीय महिला आयोग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन की गति तेज होगी।
