उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने विश्वविद्यालय के मेडिकल कॉलेज एवं 500 बेड सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा फार्मेसी में दवाओं की उपलब्धता का गहन मूल्यांकन किया।

कुलपति ने अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं की सतत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और मरीज-केंद्रित बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मरीजों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली गई तथा अस्पताल प्रशासन को सेवाओं में निरंतर सुधार के निर्देश दिए गए। कुलपति ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल उत्कृष्ट चिकित्सा शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि मरीजों को संवेदनशील, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना भी है।
उन्होंने कहा कि “गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के साथ बेहतर, सुलभ एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना ही यूपीयूएमएस का संकल्प है।” इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन नियमित रूप से व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहा है, ताकि मरीजों और विद्यार्थियों दोनों को सर्वोत्तम सुविधाएं मिल सकें।
यूपीयूएमएस सैफई द्वारा किए जा रहे ऐसे औचक निरीक्षणों से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और संस्थान की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।
