सैफई/इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई की केन्द्रीय पुस्तकालय की लाइब्रेरियन ग्रेड-II श्रीमती शंकरवति ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने 5वीं इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ एशियन लाइब्रेरीज़ में शोध पत्र प्रस्तुत कर पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सम्मेलन के दौरान श्रीमती शंकरवति ने पुस्तकालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग और उसके बढ़ते महत्व पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से पुस्तकालय सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ और उपयोगकर्ता-केंद्रित बनाया जा सकता है। उनके विचारों और शोध कार्य को सम्मेलन में उपस्थित विशेषज्ञों एवं शिक्षाविदों द्वारा सराहा गया।
सम्मेलन में उत्कृष्ट योगदान और शोध प्रस्तुति के लिए श्रीमती शंकरवति को सम्मानित भी किया गया। यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार और ज्ञान-सृजन के प्रति प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करती है।
विश्वविद्यालय परिवार ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर श्रीमती शंकरवति को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी यह सफलता अन्य शिक्षकों, शोधार्थियों और पुस्तकालय कर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी तथा संस्थान की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
