इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व में फिजियोथेरेपी विभाग द्वारा पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय, कुम्हावर में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता एवं निवारक देखभाल को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विभाग के शिक्षकों एवं यूजी-पीजी छात्रों ने बच्चों को सही शारीरिक मुद्रा (पोश्चर), नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में जानकारी दी। साथ ही बच्चों का शारीरिक परीक्षण कर मांसपेशियों एवं हड्डियों से जुड़ी समस्याओं की पहचान की गई तथा उन्हें उपयुक्त व्यायाम एवं सुधारात्मक उपायों का प्रदर्शन भी कराया गया।
विद्यालय के बच्चों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति अत्यंत उपयोगी बताया। यह कार्यक्रम समुदाय सेवा, निवारक स्वास्थ्य देखभाल एवं बच्चों में प्रारंभिक स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के प्रति यूपीयूएमएस सैफई की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
