शहर में रसोई गैस की किल्लत और आलू किसानों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं ने कचहरी परिसर में प्रदर्शन और धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने रसोई गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने, कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग उठाई।
इसके साथ ही आलू किसानों के हित में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 1600 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित करने, खरीद की गारंटी देने तथा कोल्ड स्टोरेज के किराये में राहत प्रदान करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वक्ताओं ने बताया कि 24 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली जनाक्रोश रैली में इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की गई।
धरना-प्रदर्शन में किसान सभा के प्रांतीय महामंत्री मुकुट सिंह, माकपा जिला मंत्री नाथूराम यादव, आशा रसोइया यूनियन के प्रांतीय नेता अमर सिंह शाक्य, वरिष्ठ नेता प्रेमशंकर यादव, संयुक्त मंत्री संतोष शाक्य, जिला अध्यक्ष रामबृजेश यादव, कोषाध्यक्ष डॉ. शौकीन सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
