कोलकाता। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर में रेलवे को आधुनिक और सशक्त बनाने के अभियान के तहत पश्चिम बंगाल में भी रेलवे और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार पर तेजी से कार्य किए जाने की बात कही। इसी क्रम में कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में रेलवे को आधुनिक बनाने के अभियान में पश्चिम बंगाल पीछे न रहे, इसलिए यहां भी रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। छह अमृत भारत स्टेशनों के उद्घाटन के साथ ही पुरुलिया- आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ किया गया, जो क्षेत्र की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा।
इसके साथ ही कोलकाता में पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया गया। इन परियोजनाओं से कार्गो संचालन को गति मिलेगी और बंदरगाह की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से व्यापार और परिवहन क्षेत्र को नई सुविधाएं मिलेंगी। इससे न केवल क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
