बकेवर:- कस्बा बकेवर स्थित कन्या पाठशाला के सामने आयोजित अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री व सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया तथा हरदोई जनपद के सैजनवा क्षेत्र के विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर किया।

उद्घाटन के बाद पहले दिन महिला कबड्डी के रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें विभिन्न जनपदों और राज्यों से आई टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया, पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण (अन्नू) गुप्ता तथा औरैया जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि स्वतंत्र देव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कबड्डी भारत की मिट्टी से जुड़ा हुआ पारंपरिक खेल है, जो हमारी संस्कृति और ग्रामीण जीवन की पहचान है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और गांव-गांव में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं की प्रतिभा को मंच मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में पहुंचे सभी अतिथियों का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-मालाओं व प्रतिक चिन्ह भेंट करने के साथ भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के संरक्षक वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल मोहन शर्मा ने बताया कि कबड्डी भारत की माटी से जुड़ा पारंपरिक खेल है और ऐसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आई पुरुष एवं महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं।
