उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई में विश्व ग्लूकोमा सप्ताह के अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में नेत्र विज्ञान विभाग द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में ग्लूकोमा वॉक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में ग्लूकोमा (काला मोतिया) जैसी गंभीर नेत्र बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाना तथा समय पर नेत्र जांच के महत्व को लोगों तक पहुंचाना था।

“ग्लूकोमा मुक्त विश्व के लिए एकजुटता” थीम के अंतर्गत आयोजित इस जागरूकता अभियान में नेत्र विज्ञान विभाग के संकाय सदस्यों के साथ-साथ ऑप्टोमेट्री विभाग, एमबीबीएस के विद्यार्थियों एवं अन्य छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

ग्लूकोमा वॉक के दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को इस बीमारी के लक्षण, समय पर जांच और उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया। विशेषज्ञों ने बताया कि ग्लूकोमा एक ऐसी नेत्र बीमारी है, जो धीरे-धीरे दृष्टि को प्रभावित कर सकती है और समय पर पहचान न होने पर अंधत्व का कारण भी बन सकती है। इसलिए नियमित नेत्र जांच और प्रारंभिक पहचान अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के माध्यम से विश्वविद्यालय ने समाज में नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अंधत्व की रोकथाम का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
